करनाल। अटल पार्क में रविवार दोपहर चार युवकों पर चार बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में दो युवकों को पार्क के अंदर और दो को बाहर चाकू मारे गए।
इस वारदात से पार्क में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी जिसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
घायलों की पहचान बिहार निवासी ईशान, राहुल, नीरज कुमार और राजा कुमार के रूप में हुई है जो फिलहाल शहर में किराए पर रहकर काम करते हैं। सभी घायलों की उम्र 17 से 20 साल के बीच बताई जा रही है। झगड़ा चश्मे को लेकर हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अटल पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डायल-112 टीम के इंचार्ज जगपाल सिंह ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।