माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जीटी रोड पर घरौंडा के पास शुक्रवार रात चार वाहन भिड़ गए। डिवाडर तोड़ कर दूसरी साइड में घुसा ट्रक बस को टक्कर मारते हुए इनेवा से टकराया।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक दूसरे ट्रक के बीच में इनेवा फंस गई। इस हादसे में इनेवा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। बस में सवार एक युवती सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पुलिस की मदद से दोनों ट्रकों के बीच फंसी इनोवा में सवार दोनों युवकों को मुश्किल से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया। हादसा होने की वजह से जीटी रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
घायल पंजाब के लुधियाना निवासी मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह इनोवा कार चलाता है। शुक्रवार रात वह अपने साथी नवदीप उर्फ हर्षदीप के साथ ताऊ के बेटे को छोड़ने दिल्ली एयरपोर्ट गया था। वापसी में रात 11:30 बजे वे घरौंडा में रेस्ट हाउस के पास पहुंचे तो हादसा हुआ। उनके आगे एक प्राइवेट बस चल रही थी। तभी जीटी रोड पर ही पानीपत की ओर से ट्रक तेज गति से आया और डिवाइडर पार करते हुए आगे चल रही बस के साथ टकराया फिर उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि उनकी गाड़ी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक के बीच फंस गई। राहगीरों की मदद से उनको निकाला गया और उन्हें कल्पना चावला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने नवदीप को मृत घोषित कर दिया।