करनाल। जिले में अलग अलग क्षेत्र से चार व्यक्ति और दो लड़कियां लापता हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है। शिकायत में मुकेश कुमार ने बताया कि उसका भांजा गौरीशंकर फतेहाबाद यूपी का रहने वाला है। वह घरौंडा में एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। वह तीन सितंबर को दुकान से हिसाब करवाकर घर गया था लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद है।
दूसरे मामले में सदर थाना क्षेत्र में एक छात्रा घर से लापता हो गई। परिजनों ने बताया कि छात्रा की चार दिन से तबीयत खराब थी तो वह घर ही थी। 9 सितंबर को जब घर के सदस्य किसी काम से बाहर गए थे तो छात्रा घर से लापता हो गई।
तीसरे मामले में आईटीआई चौक निवासी काजल ने बताया कि 6 सितंबर को उसका पति मनोज मालिया सुबह करीब 9 बजे घर से काम के लिए बाइक पर सवार होकर निकाला था। वह सेक्टर-12 येस बैंक में काम करता है। वह घर नहीं आए।
चौथे मामले में सदर थाना क्षेत्र में एक लड़की घर से फरार हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर उसे शादी की नियत से बहला फुसलाकर भगाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस जांच कर रही है।
पांचवें मामले में न्यू प्रेम नगर निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसका बेटा योगेश जगदंबे फूड राइस की दुकान में काम करता था। वह तीन तारीख को हिसाब कर रुपये लेकर दुकान से आ गया लेकिन घर नहीं पहुंचा। छठे मामले में तरावड़ी निवासी रमेश चंद ने बताया कि उसका बेटा विशाल सुबह करीब आठ बजे घर से नौकरी के लिए अंबाला कैंट गया था। जो शाम को घर वापस नहीं आया है। संवाद