- दैनिक यात्रियों को झेलनी पड़ेगी परेशानी, पलवल स्टेशन पर चल रहा इंटरलाकिंग का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। उत्तर रेलवे की ओर से पलवल रेलवे स्टेशन पर प्री और नान-इंटरलाकिंग कार्य चल रहा है। इसके चलते रेलवे ने करनाल स्टेशन पर ठहरने वाली चार जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं तीन ट्रेनें निर्धारित समय से डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे तक देरी से पहुंचेंगी। यह ट्रेनें पांच से 19 सितंबर तक रद्द रहेंगी। कार्य को देखते हुए कुछ बदलाव भी संभव है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे स्टेशन के प्रवक्ता ने बताया कि करनाल से 11057 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल-अमृतसर एक्सप्रेस पांच से 17 सितंबर तक, 11058 अमृतसर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल एक्सप्रेस छह से 18 सितंबर तक, 11841 खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस छह से 17 सितंबर तक, 11842 कुरुक्षेत्र जंक्शन-खजुराहो एक्सप्रेस छह से 17 सितंबर तक, 11905 आगरा-होशियारपुर एक्सप्रेस पांच से 18 सितंबर तक, 11906 होशियारपुर-आगरा एक्सप्रेस छह से 19 सितंबर तक, 12919 मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस पांच से 17 सितंबर तक, 12920 मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस छह से 18 सितंबर तक रद्द रहेंगी। इसके अलावा 11078 झेलम एक्सप्रेस 17 सितंबर को अपने निर्धारित समय से साढ़े तीन घंटे लेट रहेगी।
12715 सचखंड एक्सप्रेस 17 सितंबर को निर्धारित समय से साढ़े चार घंटे लेट रहेगी। साथ ही 12716 सचखंड एक्सप्रेस छह व सात को तीन घंटे, आठ से 11 सितंबर को डेढ़ घंटे, 12 से 15 सितंबर तक तीन घंटे और 16 सितंबर को डेढ़ घंटे और 17 सितंबर को ढाई घंटे लेट रहेगी। करीब 15 दिनों तक ट्रेनों का परिचालन बंद होने से इस रूट से सफर करने वाले करीब एक से सवा लाख दैनिक यात्रियों को असुविधा होगी।
स्टेशन आने से पहले ट्रेनों की लें जानकारी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बहुत से ऐसे भी यात्री होंगे जिन्होंने कई महीने पहले एक्सप्रेस या मेल ट्रेनों में आरक्षण कराया होगा। ऐसे यात्रियों से अपील है कि वह स्टेशन आने से पहले अपने ट्रेनों के बारे में जानकारी जरूर जुटा लें। जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है। उनके टिकट रिफंड कराए जा सकते हैं। अधिकारियों ने दैनिक यात्रियों से अपने निजी या अन्य सार्वजनिक साधनों से सफर करने का सुझाव दिया है।