माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पूरे जिले में चल रहा गैस संकट अब रेलवे स्टेशन तक भी पहुंच गया है। न सिर्फ वेंडरों की आजीविका पर संकट खड़ा कर दिया है बल्कि यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। स्टेशन के तीनों प्लेटफॉर्म पर संचालित वेंडरों के पास गैस सिलिंडर का स्टॉक अधिकतम दो दिन तक ही चल पाएगा। सप्लाई बाधित होने के कारण नया व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
स्टेशन पर 10 स्टॉल लगाई जाती हैं। 4 पूर्ण रूप से बंद हो चुकी हैं। 3 दुकानों के संचालकों ने गैस सिलिंडरों का उपयोग बंद कर दिया है। पैकेज्ड फूड ही बेचे जा रहे हैं। 3 स्टॉल पर गैस सिलिंडर का 2 दिनों का ही स्टॉक रह गया है।
ठेकेदार सतपाल का कहना है कि बिना गैस के खाना बनाना संभव नहीं है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में वेंडरों को दुकान बंद करनी पड़ रही है। रोज कमाने-खाने वाले इन छोटे व्यापारियों के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
यात्रियों को हो रही परेशानी
इस संकट का सबसे ज्यादा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। यात्री सुनील, विनोद, निधि ने बताया कि ट्रेन का इंतजार करते समय उन्हें खाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। चाय तक एक ही दुकान पर उपलब्ध है। पहले चाय और पकौड़े के अलग-अलग विकल्प मिल जाया करते थे।
स्टेशनों पर ठेकेदार के माध्यम से जानकारी हुई है कि गैस की किल्लत आ रही है। वैकल्पिक माध्यम से सर्विस देने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। - विनोद धीमान, मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक