एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए ऑनलाइन वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसपी मोहित हांडा ने गोष्ठी का आयोजन किया। जिसमें जिले के सभी उप पुलिस अधीक्षक, प्रबंधक थाना, चौकी प्रभारी व जिला पुलिस कार्यालय से सभी शाखा प्रभारी ऑनलाइन शामिल हुए।
एसपी ने निर्देश देते हुए कहा कि आचार संहिता के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में यदि कोई शिकायत मिलती है तो तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को इसके संबंध में सूचित करें, उस पर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने व कानून व्यवस्था को मजबूती देने के लिए जिला पुलिस के सहयोग हेतु सीआईएसएफ की चार कंपनियां करनाल पुलिस लाइन में आ चुकी हैं, जिन्हें बहुत जल्द पूरे जिले में बांट दिया जाएगा।
सभी प्रबंधक थाना व चौकी प्रभारी अपने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग करते समय किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए व आमजन के मन में सुरक्षा के भाव को पुख्ता करने के लिए हर समय सतर्क रह कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहनों और मुंह ढक कर चलने वालों पर पूर्णरूप से लगाम लगाएं।
शिकायकर्ता को रसीद अवश्य दें
थाने में आने वाले शिकायतकर्ता की शिकायत तुरंत लें और उसे रसीद अवश्य दें, थाना में लंबित चल रहे मामलों का जल्द निपटान करें नहीं तो अनुसंधान अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।