- जिला मलेरिया विभाग की तरफ से शहर व ग्रामीण इलाकों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में इस सीजन में डेंगू के अब तक चार केस सामने आ चुके हैं। साथ ही जिला मलेरिया विभाग की तरफ से शहर व ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर घरों में लार्वा मिलने पर नोटिस थमाए जा रहे हैं।
गठित टीमों ने अब तक 2.64 लाख घरों की जांच की है जिनमें से 396 स्थानों पर लार्वा मिला है। वहीं, 119 लोगों को चेतावनी नोटिस दिया जा चुका है। दोबारा लार्वा मिलने पर चालान किया जाएगा। वहीं विभाग की तरफ से जहां से केस सामने आए हैं, वहां पर फॉगिंग करवाई है।
सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि मच्छर प्रजनन स्थलों को चिह्नित कर व मच्छर प्रजनन रोकने के उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है। अभी तक डेंगू के चार केस, पहला जनवरी, दूसरा फरवरी, तीसरा अप्रैल व चौथा मई माह में सामने आया है।
विभाग की ओर से ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की 160 टीमें कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी तरह का बुखार डेंगू नहीं होता है। बुखार होने पर बिना समय गंवाए डॉक्टर से संपर्क करें और जांच करवाएं। परामर्श के अनुसार अपना इलाज करवाएं। चिकित्सक की सलाह से ही दवा लें।
हर रविवार मनाएं ड्राई डे
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने कहा कि प्रत्येक रविवार को अपने घर में ड्राई डे के तौर पर मनाएं, सभी पानी के बर्तनों, कूलर, टंकी, फ्रिज ट्रे, गमलों इत्यादि को खाली करके सुखाएं ताकि मच्छर के अंडे व लार्वा मर जाएं। डेंगू रोकने के लिए घरों के आस-पास गड्ढे को मिट्टी से भरवा दें, पूरी बाजू के वस्त्र पहनें, मच्छर रोधी दवा या क्रीम का उपयोग करें। कीटनाशक दवाई से उपचारित मच्छरदानी का उपयोग करें, छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढक्कन लगाकर बंद रखें।