पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोरी करने वाले आरोपी। प्रवक्ता
करनाल। एंटी ऑटो थेफ्ट स्टाफ करनाल की टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ मोटरसाइकिल और दो एक्टिवा बरामद कीं। सभी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। यूनिट प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि इसके लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पहली टीम ने देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर करनाल बाईपास रिंग रोड के पास गांव कुटेल क्षेत्र से साहिल कुमार उर्फ दीवा और मनीष निवासी गांव कैरवाली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर सात मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। दूसरी टीम ने सुखमहेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र से आकाश उर्फ काशी निवासी जुंडला और धीरज उर्फ आजाद निवासी हांसी चौक करनाल को काबू किया। उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और दो एक्टिवा बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद वाहन थाना शहर, सिविल लाइन, रामनगर, इंद्री, मधुबन, सदर करनाल सहित पानीपत क्षेत्र से चोरी किए गए थे। ब्यूरो