संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। विधायक एवं हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने गुढ़ा और कोहंड गांव में वीरवार को 1.62 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। विधानसभा अध्यक्ष सबसे पहले गुढ़ा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु ब्रह्मानंद आश्रम में 12 लाख की लागत से बनने वाले हाॅल, 6.48 की लागत से पशु अस्पताल में बनने वाले कमरे, 4.50 की लागत से बनने वाली ब्राह्मण चौपाल की चहारदीवारी का शिलान्यास किया।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से 26.3 लाख रुपये की लागत से गांव के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनवाए जाने वाले तीन कमरों की भी आधारशिला रखी। इन कमरों का निर्माण कार्य अगले साल 14 जून तक पूरा करने को कहा। इसी गांव में मुख्य सड़क से पंचायत सदस्य संजीव के खेत तक बनाए गए रास्ते का उद्घाटन किया। नौ किलोमीटर सड़क पर 12.25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। कोहंड स्कूल में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बहुउद्देशीय हाॅल बनने से विद्यार्थी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में भाग ले सकेंगे।
इसके बाद वह कोहंड गांव पहुंचे। यहां पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बहुउद्देशीय गतिविधि हाॅल और चार कमरों की आधारशिला रखी। इनके निर्माण पर 75 लाख रुपये खर्च होंगे। इस कार्य को पूरा करने की अवधि छह जुलाई 2026 तय की गई है। इसी गांव में विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पांच गलियों और पुरुषोत्तम फौजी के खेत तक मनरेगा के तहत बनने वाले रास्ते का भी शिलान्यास किया।