संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बुनियाद मिशन के तहत पहले चरण की परीक्षा शुक्रवार को आयोजित होगी। परीक्षा हरियाणा बोर्ड के नियमों के अनुसार होगी। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित समय से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी से आने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा को लेकर शिक्षा निदेशालय की ओर से दिशा-निर्देश जारी हो गए हैं।
करनाल में परीक्षा को लेकर 13 केंद्र बनाए गए हैं। जहां 4116 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के भविष्य की नींव मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने बुनियाद कार्यक्रम शुरू किया था। जिसमें विद्यार्थियों को नियमित पाठ्यक्रम के अतिरिक्त आईआईटी, मेडिकल, एनटीएसई और कई तरह की छात्रवृत्ति के लिए होने वाली परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी। इसके तहत पहले चरण की परीक्षा आज आयोजित की जा रही है। परीक्षा का समय सुबह 11.30 बजे से 1.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। जबकि विद्यार्थियों को 60 मिनट पहले यानी 10.30 बजे तक अपना स्थान लेना होगा।
दूसरा चरण पास करने के बाद होगा चयन
योजना के तहत पहला चरण पास करने वाले विद्यार्थियों को दूसरे चरण की परीक्षा देनी होगी। फिर दूसरा चरण पास करने वाले विद्यार्थियों का योजना के तहत निशुल्क कोचिंग के लिए चयन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा के अनुसार, बुनियाद केंद्र पर विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी ऑनलाइन माध्यम से विकल्प संस्थान की ओर से चयनित विद्यार्थियों की करवाई जाती है। चयनित विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन सामग्री वर्दी यातायात सुविधाएं इत्यादि का प्रबंध विभाग की ओर से किया जाएगा। जिले के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
यह हैं निर्देश-
- परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी।
- 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न चार अंक का होगा।
- प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
- यदि कोई विद्यार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर पाया है तो उसे बुनियाद कार्यक्रम में पंजीकरण के उपरांत प्राप्त मैसेज के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
जिले में इन 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा-
खंड केंद्र
असंध पीएमश्री स्कूल
असंध जीजीएसएसएस
घरौंडा जीजीएसएसएस
घरौंडा जीएमएसएसएस
इंद्री जीएमएसएसएस ब्याना
इंद्री पीएमश्री स्कूल इंद्री
करनाल पीएमश्री जीएसएसएस
करनाल पीएमश्री जीजीएसएसएस प्रेमनगर
करनाल जीएसएसएस प्रेम नगर
नीलोखेड़ी पीएमश्री स्कूल
नीलोखेड़ी जीएमएसएसएस, तरावड़ी
निसिंग जीएमएसएसएस
निसिंग पीएमश्री जीएसएसएस, जुंडला
वर्जन
बुनियाद की परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। 13 केंद्र बनाए गए हैं। करनाल शहर में केवल दो ही केंद्र हैं। कुल 4116 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
- दीपक वर्मा, नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ।