करनाल। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को करनाल में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि कांग्रेस को बापू-बेटा की पार्टी कहा जा रहा है, वे इसे यूं बना रहने दें तो हमें कोई हानि नहीं है। लोगों को ही लगता है कि राजा का बेटा राजा बने, ऐसा किसी पार्टी में चलता है तो पार्टी के लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। पार्टी में लोकतंत्र लाएं, ये उनके लिए ही अच्छा है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा भवन के लिए भूमि पर पंजाब सरकार की आपत्ति को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि जगह को लेकर पंजाब सरकार को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। प्रदूषण कोई यहीं का विषय नहीं है, लाहौर में 1500, दिल्ली व बांग्लादेश में 1400 का आंकड़ा छुआ है। सभी देशों को मिलकर कार्य करना चाहिए। पिछले दिनों पंजाब के सीएम ने बयान दिया कि उनके यहां पराली कम जल रही है, जबकि डाटा बताता है कि 15 से 18 नवंबर तक हरियाणा में 1118 तो पंजाब में करीब आठ गुना अधिक 9600 स्थानों पर पराली जली है। ये नहीं होने चाहिए। सब मिलकर कार्य करें ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर प्रभाव न पड़े।
छह दिसंबर को किसानों के दिल्ली जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, प्रदर्शन हिंसात्मक न हो, पैदल जाते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है, जहां प्रदर्शन करेंगे, वहां की अनुमति लें। विधानसभा के लिए जमीन पर पंजाब की आपत्ति के सवाल पर कहा कि वह एक प्रक्रिया है, जो चल रही है। वन विभाग की अनुमति भी मिल रही है। जो जमीन हरियाणा को चाहिए, उसके बदले चंडीगढ़ में 12 एकड़ जमीन मिल गई है।
अभी हरियाणा के विधानसभा भवन में 90 सदस्य ही बड़ी मुश्किल से बैठ पाते हैं, डी-लिमिटेशन के बाद ये संख्या 126 हो सकती है। पंजाब भी नया भवन बनाए। उन्होंने कहा कि एनसीआर में आने के बाद जो प्रतिबंध लग जाते हैं, उनके उद्यमियों आदि को कठिनाई आती है, इस पर विचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि देश भर में करीब 6 लाख आवास नई योजना के तहत बनाने की घोषणा कल ही दिल्ली में की है, जिसमें करीब 1000 आवास करनाल जिले में भी बनेंगे।