संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सफीदों के गांव खरखादिया निवासी पूर्व सरपंच के पति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि मृतक प्रगट सिंह की पत्नी गांव की सरपंच थी। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को तांत्रिक विद्या करते पकड़ लिया था। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि के रूप में प्रगट सिंह को मौके पर बुलाया गया था। प्रगट सिंह ने ग्रामीणों से उस व्यक्ति का बचाव करने के लिए पुलिस को बुला लिया था लेकिन उस व्यक्ति ने प्रगट सिंह सहित अन्य के खिलाफ एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया। प्रगट की हाईकोर्ट से जमानत हो गई थी लेकिन वह तब से परेशान रहने लगा। इसी कारण उसने वीरवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।