माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। रोजाना काफी संख्या में विद्यार्थी पोर्टल पर आवेदन कर रहे हैं। कोरोना के कारण पहली बार कक्षा 12वीं के 99 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। ऐसे में इस बार दाखिलों के समीकरण भी बदल गए हैं। एक ओर कॉलेजों की सभी सीटें भरने की उम्मीद है। दूसरी ओर मेरिट लिस्ट भी काफी ऊपर जा सकती है। सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड में बच्चों के अच्छे अंक आने से दाखिलों में मुकाबला कड़ा होगा। अगर 10 अंक वेटेज के भी जोड़े गए तो 110 प्रतिशत तक मेरिट जाएगी।
12वीं परीक्षा के परिणाम में कई विद्यार्थियों के तो 99 प्रतिशत से ऊपर अंक भी आए। राजकीय महाविद्यालयों में तो पहले ही पास प्रतिशत ज्यादा होने से मेरिट ऊंची रहती थी। बाकी कई बड़े कॉलेजों में भी मेरिट 100 प्रतिशत के पास होती थी और ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों में सीटें बच जाती थी। जिले के कुल 21604 विद्यार्थी इस बार 12वीं में पास हुए। जबकि जिले के 14 कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की 8710 ही सीटे हैं। ब्यूरो
ऐसे मिलते हैं वेटेज अंक
राष्ट्रीय प्रतिभा पुरस्कार के प्राप्त कर्ता के 5 अंक, एनसीसी कैडेट्स के बी प्रमाणपत्र, राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित स्काउट्स एंड गाइड्स प्रमाण पत्र धारक, स्नातक में प्रवेश के लिए खेल प्रमाण पत्र के 5 अंक और हरियाणा के एक ग्रामीण क्षेत्र से 10+2 या समतुल्य डिप्लोमा के 5 अंक वेटेज के तौर पर मिलते हैं। कुल 10 अंक तक का वेटेज दिया जा सकता है।
दो साल गैप वाले विद्यार्थियों को होगी दिक्कत
जिन विद्यार्थियों का 2 साल का गैप रहा होगा और उनके अंक कम हैं, उनके लिए दाखिला लेना आसान नहीं होगा। उनके पास प्रतिशत कम ही रहे हैं। जबकि इस बार बच्चों के अंक ज्यादा आए हैं।
26 तक आवेदन और 28 तक होंगे दस्तावेज सत्यापन
दाखिला प्रक्रिया इस बार पूरी तरह से ऑनलाइन है। शेड्यूूल के अनुसार, पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया 26 अगस्त तक चलेगी। फॉर्म भरने के बाद 28 अगस्त तक ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन किए जाएंगे। पहली मेरिट लिस्ट 2 सितंबर और दूसरी मेरिट लिस्ट 8 सितंबर को जारी होगी। इसके बाद कॉलेजों में बची सीटों को भरने के लिए पोर्टल 13 सितंबर से दोबारा खुलेगा। विभाग के अनुसार इस पर भी पहले की तरह दो मेरिट लिस्ट ही जारी होंगी। बची सीटों पर काउंसिलिंग के जरिये दाखिले होंगे।
ये दस्तावेज जरूरी
पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन कॉपी, हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, 10वीं और 12वीं का अंकपत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड की जरूरत होगी। आरक्षित श्रेणी की सीटों के लिए सरकार से निर्धारित दस्तावेज देने होंगे।
आवेदन करते हुए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी
1. आवेदन फार्म भरते हुए वही कॉलेज अपने ऑनलाइन विकल्प में पहले नंबर पर रखें, जिन कॉलेज में दाखिला लेने के इच्छुक हैं। कुल पांच कॉलेजों के विकल्प भरे जा सकते हैं।
2. दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। ज्यादातर बच्चे जागरूक नहीं होने से अच्छे नंबर होने पर भी पसंद के कॉलेज को सबसे अंतिम विकल्प में भरते हैं। ऐसे में उन्हें दाखिला मिलने में दिक्कत होती है।
3. आवेदन में एक कॉलेज में 5 कोर्स चुन सकते हैं। यानी 5 कॉलेज अगर चुने तो 25 कोर्स चुन सकते हैं। इसके साथ ही सब्जेक्ट कम्बीनेशन चुनने की कोई सीमा नहीं है।
अमूमन हर साल किसी न किसी कोर्स में सीटें खाली बच जाती हैं। इस बार सभी सीटें भर सकती हैं, क्योंकि सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड में सभी बच्चे पास हुए हैं। पहले के मुकाबले 20 प्रतिशत ज्यादा बच्चे कॉलेजों में दाखिले के लिए आएंगे। -डॉ. अनुराधा पूनिया, प्रिंसिपल, राजकीय महिला महाविद्यालय