आज और कल भी सताएगा कोहरा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड
- फोटो : आज और कल भी सताएगा कोहरा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड
करनाल। शहर में सोमवार और मंगलवार को भी सुबह और रात घना कोहरा रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कोहरा और ठंड के चलते लोगों को ठिठुरन का एहसास होगा, वहीं वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सुबह के समय शहर के प्रमुख मार्गों, हाईवे और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर अधिक देखने को मिल सकता है। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि वाहन चालक कम गति में चलें, फॉग लाइट का प्रयोग करें और पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
ठंड के कारण बुजुर्गों और बच्चों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक नए साल से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना है। धुंध का प्रभाव कम होगा और आसमान साफ रहने की उम्मीद है। ब्यूरो