माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रविवार को बारिश तो नहीं हुई लेकिन तीसरे दिन में धूप नहीं निकली। सुबह से ही धुंध छाई और दोपहर को शीतलहर शुरू हो गई। जिसके कारण अधिकतम तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी तीन चार दिन शीतलहर जारी रहने की संभावना है, जिसके कारण वर्ष 2024 की विदाई और नूतन वर्ष 2025 का स्वागत भी कड़ाके की सर्दी के बीच ही होने की संभावना है।
रविवार को तीसरे दिन भी सूर्य की किरणें जमीन तक नहीं पहुंची। सुबह से धुंध छाई रही, जिसके कारण सुबह के समय वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद दृष्यता तो ठीक हो गई लेकिन आसमान पर बादलों के छाए रहने के कारण हल्की धुंध जैसी स्थिति बनी रही। दोपहर को शीतलहर शुरू हो जाने से ठिठुरन बढ़ गई। आसमान पर बादल छाए हैं। शुक्रवार को 15 तो शुक्रवार को 1.8 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई) की जिला मौसम वेधशाला में रविवार को अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम है। शनिवार की अपेक्षा भी 1.6 कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, ये शनिवार को 10.2 था, जो रविवार को 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सोमवार को भी सुबह धुंध की स्थिति बनी रह सकती है।