चमचम को नष्ट करता कर्मचारी। विभाग
करनाल। दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने अस्वच्छ तरीके से मिठाइयां तैयार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को कुंजपुरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने श्यामलाल स्वीट पर छापेमारी की। यहां जांच के दौरान करीब 50 किलो चमचम बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार होती मिली। मिठाई पर मक्खियां बैठ रही थीं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही 50 किलो चमचम को नष्ट करा दिया। आशंका है कि यह मिठाई दिवाली के दौरान बाजार में बिक्री के लिए खपाई जानी थी। टीम ने दुकान से खोया और चमचम के दो सैंपल भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. कपिल के नेतृत्व में टीम जैसे ही कुंजपुरा बाजार में पहुंची, खाने-पीने की दुकानों में हलचल मच गई। टीम को देखकर बाजार की कई दुकानों के शटर बंद हो गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान बाजार में दुकानदारों के बीच हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। टीम ने श्यामलाल स्वीट पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिठाई तैयार करने के तरीके की जांच की। इस दौरान चमचम बनाने में साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी सामने आई। मिठाई खुले में और मक्खियों के बीच तैयार की जा रही थी, जिससे खाद्य पदार्थ की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
श्यामलाल स्वीट पर जांच के दौरान करीब 50 किलो चमचम अस्वच्छ तरीके से तैयार होती मिली। मिठाई पर मक्खियां बैठ रही थीं। ऐसे में इसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण मानते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके साथ ही टीम ने दुकान से खोया और चमचम के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद मिठाई की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
दिवाली से पहले निसिंग में भी 40 किलो मिठाई कराई थी नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब दिवाली से पहले जिले में मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर लगातार जांच की जा रही है। इससे पहले 21 अक्तूबर को निसिंग में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों और एक गोदाम पर छापेमारी की थी। वहां खराब हालत में रखे करीब 40 किलो रसगुल्ले और गुलाब जामुन नष्ट कराए गए थे। गोदाम में मक्खियां और गंदगी मिलने के साथ मिठाई बनाने के लिए जरूरी लाइसेंस भी नहीं मिला था। मिठाई की आसपास के बाजारों में आपूर्ति किए जाने की आशंका थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. कपिला ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयां तैयार कर बाजार में बेचने वालों पर अंकुश लगाना है।