- एनएसओ की टीमें वार्ड, सेक्टर और गांवों में पहुंचकर जुटाएंगी आय, रोजगार और निवेश से जुड़ी जानकारी
- चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों की पहचान रहेगी गोपनीय, आंकड़ों का इस्तेमाल सिर्फ सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के स्थानीय उप क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से अक्तूबर में जिले में विभिन्न आर्थिक और सामाजिक पहलुओं से जुड़े सर्वेक्षण किए जाएंगे। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ-एफओडी) की टीमें चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से जानकारी जुटाएंगी। इनमें राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, कृषक परिवारों की स्थिति का आकलन, असंगठित सेवा उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण और प्रवासन संबंधी विवरण जैसे सर्वेक्षण शामिल हैं।
राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के लिए करनाल के वार्ड नंबर छह, सेक्टर-13 और घरौंडा क्षेत्र का चयन किया गया है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के लिए करनाल के कुंजपुरा रोड, असंध के ललैन पंगहाना और घरौंडा के अराइनपुरा में जानकारी जुटाई जाएगी।
ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा कृषक परिवारों की स्थिति के आकलन के लिए असंध और जुंडला क्षेत्र चयनित हैं। एएसयूएसई के तहत करनाल सेक्टर-1, रामनगर, नीलोखेड़ी के शेखानपुरा और जुंडला में सर्वेक्षण होगा। वहीं प्रवासन संबंधी विवरण के लिए इंद्री मुख्य बाजार क्षेत्र, करनाल सीएचडी सिटी, इंद्री के बीबीपुर और कुटेल में सर्वेक्षण किया जाएगा।
इन सर्वेक्षणों के जरिये देश के विभिन्न क्षेत्रों और समूहों की आय, रोजगार, ऋण, निवेश और प्रवासन से संबंधित स्थिति का आकलन किया जाएगा। जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर नीतियां और प्रभावी रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी। सर्वेक्षण के दौरान एनएसओ के अधिकारी चयनित परिवारों और उद्यमों से संपर्क करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार सर्वेक्षण में परिवारों और प्रतिष्ठानों से प्राप्त जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़े में सर्वेक्षण में शामिल परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। एकत्रित जानकारी का इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। नागरिकों और उद्यमियों से सर्वेक्षण अधिकारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और सहयोग करने की अपील की गई है।