एक दिन विराम के बाद शनिवार को फिर करनाल पर कोरोना का पंच लगा है। सामने आए कुल पांच पॉजिटिव केसों में 2 साल के बच्चे से लेकर 57 वर्षीय महिला-पुरुष तक शामिल हैं। इनमें तीन करनाल जिले के निवासी हैं, जबकि एक दिल्ली और एक कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा का रहने वाला है। पांचों केस में चार की ट्रेवल हिस्ट्री बताई जा रही है। दो के दिल्ली, एक के गुरुग्राम और एक के बरेली से तार जुड़े हैं।
शानिवार को सामने आए पांच केस में से एक केस ऊंचा समाना, सेक्टर-16 व एक घरौंडा से शामिल है, जबकि एक-एक दिल्ली और लाडवा निवासी केस को उनके संबंधित क्षेत्र में भेज दिया गया है। सेक्टर-16 निवासी की रिपोर्ट दूसरी बार हुए टेस्ट में पॉजिटिव आई है। जबकि इसकी पहली रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। बरेली से आए इस व्यक्ति ने खुद को रोड़ धर्मशाला में क्वारंटाइन किया हुआ था। रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद सभी का कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में इलाज शुरू हो गया है। डीसी ने लोगों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति मिले जिसकी ट्रैवल हिस्ट्री बाहर की है। वह तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि उसका कोविड-19 का टेस्ट किया जा सके। जिले में अब तक 2 लाख 30 हजार 483 लोगों ने आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड किया है, इनमें से करीब 86 हजार लोगों ने सेल्फ एसेसमेंट किया है।
पांच ने दी कोरोना को मात : शनिवार को पांच पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव भी आई, यानी ठीक होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं शनिवार को सैंपल लिए गए 214 व्यक्तियों की रिपोर्ट आज आएगी।
जिले का पॉजिटिव केस रेट 1.2 प्रतिशत
डीसी निशांत कुमार यादव के अनुसार, करनाल जिले में कोरोना संक्रमण का पॉजिटिव रेट 1.2 प्रतिशत सामने आया है। अब तक संक्रमण से संदिग्ध कुल 11749 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए, जबकि इनमें से 11393 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि 128 मामले पॉजिटिव हैं, जिनमें से 2 की मृत्यु हो गई है, 69 एक्टिव हैं और 57 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए हैं।
यह हैं हमारे इंतजाम
1. आइसोलेशन को 125 और आईसीयू में 23 बेड
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन के लिए 125 बेड उपलब्ध हैं, जिन पर ऑक्सीजन सिलेंडर की भी उपलब्धता है। इसके अलावा 10 वेंटीलेटर चालू अवस्था में हैं। गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू में 23 बेड की उपलब्धता है।
2. बिना लक्षण वाले मरीज जाएंगे कोविड केयर सेंटर
वहीं, ऐसे मरीज जिनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं पाये जाते है, उन्हें अस्पताल में रखने की बजाए नीलोखेड़ी के नजदीक स्थित गुरुकुल में स्थापित किये गए कोविड केयर सेंटर में रखा जाता है। शुक्रवार रात
1940 चालान, दोबारा पकड़े गए तो होगा मुकदमा दर्ज
जिले में बिना मास्क घूमने वालों के अब तक 1940 लोगों के चालान किए जा चुके हैं। चालान होने पर व्यक्ति पर 500 रुपये का जुर्माना लगता है। अब यदि अनदेखी करते हुए दोबारा ये लोग बिना मास्क के घूमते मिलेंगे तो इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। डीसी ने लोगों से अपील की है कि जरूरी कार्य के लिए ही बाहर निकलें, मास्क का प्रयोग करें, सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें और अपने आपको निरंतर सैनिटाइज करते रहें।