संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। बासमती मंडी के नाम से प्रसिद्ध तरावड़ी अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। चुनाव की नामांकन प्रक्रिया का शनिवार को अंतिम दिन है। शुक्रवार की शाम तक पांच आढ़तियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
मतदान 20 मार्च को अनाज मंडी में बैलेट पेपर से होगा। इसमें करीब 450 आढ़ती मतदान कर नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। बता दें कि वर्ष 2023 में अध्यक्ष के लिए चुनाव में शीशपाल गुप्ता मंडी अध्यक्ष बने थे।उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्होने त्याग पत्र दे दिया है। अब नए अध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है।
इसमें शिवशक्ति इंटरग्लोब प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी. रमेश गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष व राकेश हंस को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। चुनाव अधिकारी राकेश हंस ने बताया कि अभी तक मंडी प्रधान को लेकर पांच आढ़तियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। इनमे पूर्व अध्यक्ष शीशपाल गुप्ता, सुभाष गुप्ता, सुल्तान सोल्हो, बृज भूषण गर्ग, योगेश मिड्डा का नाम शामिल है। पहले सर्वसम्मति बनाने की कोशिश की गई तथा 18 आढ़तियों के नाम सामने आने के बाद आमराय नहीं बन पाई। आठ मार्च दोपहर 2 बजे नामांकन जमा कराए जा सकते हैं। इसके बाद 10 मार्च दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिया जा सकता है। 20 मार्च को बैलेट पेपर से चुनाव करवाया जाएगा। इस मौके पर संदीप गुप्ता एवं रणजीत भारद्वाज मुख्य रूप से मौजूद थे।