- जिले में 66 तक पहुंची डेंगू मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मंगलवार को 2934 घरों में मच्छर के लार्वा खोजे। जिनमें 92 घरों के विभिन्न स्थानों पर लार्वा मिला और 63 मकान मालिकों को विभाग की टीमों ने नोटिस थमाया। इसके साथ-साथ मंगलवार को पांच मरीजों के सैंपल डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 66 पहुंच चुकी है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब तक जिले के दो लाख 63 हजार 493 घरों को चेक कर चुकी हैं। जिनमें अब तक 3259 घरों में मच्छर का लार्वा मिला हैं और टीमों ने कुल 1921 मकान मालिकों को नोटिस थमाया हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
डेंगू के लक्षण
अचानक तेज बुखार का होना। छाती व ऊपर के हिस्सों में दानों का निकलना। सिर के आगे वाले हिस्से में जोर का दर्द। आंखों के पिछले हिस्से में दर्द। शरीर के जोड़ों में दर्द। भूख न लगना, जी मिचलाना व उल्टी आना।
मच्छर को पनपने से ऐसे रोकें
अपने घर के आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि जमा पानी में ही मच्छर पनपता है। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं यानी कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों, होदी को अवश्य सुखाकर पानी भरें। यदि कूलर उपयोग में न लाए जा रहे तो रगड़कर साफ करके सुखाकर रखें। पानी के भरे तालाब व गड्ढों को मिट्टी से भर दें और यदि संभव न हो तो हर सप्ताह उसमें काला तेल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।