शनिवार देर रात पूंडरी-ढांड रोड पर ड्रेन पुल के ऊपर हुए सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए पांचों युवक बीस से 30 साल के हैं, जिनमें से एक युवक की तीन माह पहले ही शादी हुई थी। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया है। रात एक बजे तक तीन युवकों की ही शनाख्त हो पाई। पुलिस देर रात तक मृतकों की शनाख्त में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पूंडरी-फरल मार्ग पर ड्रेन पुल के नजदीक एक स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक हादसा ग्रस्त हो गए। गाड़ी हादसे के बाद ड्रेन पुल के निकट गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें सवार पांचों युवकों की मौके ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पूंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर शनाख्त आदि की बजाए थाना पूंडरी प्रभारी सहित एंबुलेंस स्टाफ पांचों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉ. महेश ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके पास से मिले कागजात आदि से मृतकों में सबसे पहले गांव बिठमड़ा जिला करनाल निवासी कपिल कुमार की पहचान हुई। जो करीब 20-22 साल का था।
उसके चचेरे भाई प्रवीण ने उसकी शनाख्त की पुष्टि की। वहीं, कुछ देर बाद करनाल जिले के ही घघसीना निवासी दीपक कुमार के परिजन पहुंच गए। परिजनों ने दीपक के कागजात से उसकी शनाख्त की। बताया जा रहा है कि दीपक बारहवीं पास करने के बाद आगे पढ़ाई कर रहा था और उसकी तीन माह पहले ही शादी हुई थी। दो-तीन गाड़ियों में सवार होकर आए दीपक के परिजनों को उसकी मौत की जानकारी जिला अस्पताल पहुंचने पर ही मिली तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। परिजन एक दूसरे को मुश्किल से संभाल रहे थे। वहीं, तीसरे मृतक युवक की शनाख्त सुरालिया निवासी अजय कुमार के रूप में बताई गई है। दो अन्य मृतक युवकों की अभी शनाख्त नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि मृतक पांचों युवक आपस में दोस्त थे और वे पिछले तीन दिनों से कहीं घूमने के लिए गए हुए थे। हादसे की जैसे-जैसे परिजनों और रिश्तेदारों को जानकारी मिलती रही, वे जिला अस्पताल की ओर दौड़ते नजर आए। रात एक बजे तक जिला अस्पताल में परिजनों का तांता लगा हुआ था। पुलिस पांचों मृतकों की शनाख्त करने में जुटी हुई थी। वहीं जिला अस्पताल में पहुंचे पुलिस कर्मचारी ने कहा कि मृतकों में अभी तक कपिल की पूरी तरह से और दीपक की मौखिक रूप से शनाख्त हुई है। शनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हुई है। पुलिस उनकी शनाख्त का प्रयास कर रही है।
-विरेंद्र सिंह, एसएचओ पूंडरी