मीनाक्षी अस्पताल वाली गली में जागलान लैब संचालक पर बाइक पर आए दो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली लैब के गेट में जा लगी। दोनों बाइक सवारों ने मुंह कपड़े से ढके थे। इस कारण दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना में लैब संचालक और उसका सहायक बाल-बाल बचे। गोली चलने की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलते ही असंध पुलिस, सीआईए असंध की टीम मौके पर पहुंची। बाद में डीएसपी गजेंद्र सिंह ने मौका मुआयना किया।
जागलान लैब के संचालक राहुल वासी गांव उपलानी ने बताया कि उसका मीनाक्षी अस्पताल के साथ लैब है। वह और उसका सहायक राहुल कुमार निवासी उपलानी लैब के अंदर बैठे थे। इसी दौरान रामनगर की ओर से एक बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश आए और चलती बाइक पर पीछे बैठे युवक ने लैब की तरफ गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही असंध थाना पुलिस की टीम पहुंची। बाद में सीआईए असंध की टीम भी पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी गजेंद्र सिंह ने भी मुआयना और पूछताछ की। सीसीटीवी में वारदात के बाद बाइक सवार नेशनल हाइवे 709ए की तरफ फरार होते नजर आए।
रामनगर में जागलान लैब के सामने बाइक पर आए दो युवकों ने लैब पर एक फायर किया है। उस समय लैब में लैब संचालक राहुल और उसका एक साथी था। गनीमत रही कि गोली दरवाजे में ही लगी। पुलिस ने खोल बरामद कर लिया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-गजेंद्र सिंह, डीएसपी, असंध