करनाल। कुंजपुरा क्षेत्र के बड़ा गांव में दो पक्षों में रविवार रात को हुए झगड़े के बाद सोमवार को एक पक्ष की ओर से दो गोलियां चलाई गई हैं। दोनों पक्षों के बीच एक पक्ष के युवक के पैर पर गाड़ी चढ़ने पर विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे को धमकी दी गई थी और झगड़े का समय तय किया गया था।
गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, आरोपी मौके से भाग गए। झगड़े के दौरान गाड़ियों के शीशे टूट गए। गोली चलने की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। दोनों पक्ष गांव के ही हैं। लोगों ने गोली चलने की सूचना डायल-112 को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी इंद्री सतीश गौतम, कुंजपुरा थाना प्रभारी विक्रांत व सीआईए की टीम मौके पर पहुंची, हालांकि वहां पर कोई नहीं मिला। केवल पुलिस ने ग्रामीणों से ही जानकारी प्राप्त की है। पुलिस रात तक सीसीटीवी खंगालती रही। बड़ा गांव में रविवार रात को गांव का पिंटू अपनी गाड़ी में सवार होकर आया था। गली में ही सौरभ खड़ा था। पिंटू की गाड़ी का टायर सौरभ के पैर के ऊपर से निकल गया। इससे दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से धमकी दी गई। सोमवार दोपहर को सौरभ गांव में ही सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी पिंटू सात-आठ गाड़ियों में सवार अपने 30-40 साथियों के साथ पहुंचा। झगड़े की सूचना पर सौरभ के छह-सात साथी भी वहां पहुंच गए। आरोपी पिंटू के साथ आए लोगों की तरफ से दो गोली चलाई गई। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इस झगड़े में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। रात तक पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी रही।