करनाल जिले के निसिंग शहर की सीएचसी के प्रथम तल पर बने कार्यालय में अचानक आग लगने से अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। कार्यालय से धुआं निकलते देख मरीजों में हड़कंप मच गया। आग से जान बचाने के लिए अस्पताल में आई महिलाएं, दाखिल मरीज और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रांगण में खड़े पेड़ों के नीचे आश्रय लिया। आग लगने के कारण अस्पताल का रिकार्ड जलकल राख हो गया।
आगजनी की सूचना लगते ही कार्यकारी एसएचओ सतपाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आग की तुरंत सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले अस्पताल में मौजूद लोगों और स्टाफ के सदस्यों ने आग पर काबू पा लिया था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
एसएमओ डॉ. राजेश जौहरी का कहना है कि कार्यालय में रखा अधिकतर सामान जल कर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि सीएचसी में दाखिल मरीज उनके परिजन व जच्चा बच्चा को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। आगजनी के कारण किसी भी मरीज को कोई नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। कार्यकारी थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि सूचना मिलने पर सीएचसी पहुंच कर दमकल विभाग की दो गाड़ियां बुलाई गई थी, लेकिन गाड़ियां आने से पहले ही क्षेत्रवासियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।