करनाल। गोल्ली गांव में सोमवार रात को 8:30 बजे अचानक आई तेज आंधी से खेतों में लगी आग भड़क गई। 12 एकड़ के गेहूं की फसल के अवशेष जलकर राख हो गए। किसानों ने ट्रैक्टरों से खेत जोते, जनरेटर से ट्यूबवैल चलाकर पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
किसान सज्जन नैन ने बताया कि सालवन गांव की ओर खेत में आग लगी थी। आग बुझने ही वाली थी कि अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी चलने लगी। इससे आग गोल्ली गांव की ओर बढ़ गई। उनके खेत में पहुंचने पर आग की स्थिति बेकाबू हो गई। ट्रैक्टरों से खेते जोते। किसान सुरजीत के डेरे पर जेनरेटर चलाकर ट्यूबवैल चालू करके पानी डालकर भी आग पर काबू पाया गया। करीब 10:30 बजे आग बुझाई जा सकी। दमकल को सूचना दी गई थी लेकिन गाड़ी मौके पर पहुंच नहीं पाई।
सज्जन के खेत के साथ ही सुरजीत का डेरा लगता है। डेरे पर करीब 10 सदस्य रहते हैं। इसके अलावा पशु भी हैं। किसान ने अपने डेरे के आसपास करीब 25 ट्राली तूड़े की बांधी हुई है। इसके अलाव अभी करीब 12 ट्राली तूड़ा खुले में पड़ा हुआ है। किसानों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया है। अगर गांव से किसान खेत में ट्रेक्टर लेकर नहीं पहुंचते तो भारी नुकसान होने की संभावना थी।