जली हुई तुड़ी को साइड करते लोग संवाद
निसिंग। दिवाली पर आतिशबाजी की चिंगारी से लगी आग ने एक किसान परिवार के लिए दुखों का पहाड़ खड़ा कर दिया। वार्ड नंबर एक में पराली के ढेर पर गिरी चिंगारी से पांच गोवंश आग की चपेट में आ गए, जिसमें एक दुधारू गाय की मौत हो गई।
हादसे में तीन गाभिन गायें बुरी तरह झुलस गईं और एक बछिया भी घायल हो गई। किसान गुरमुख सिंह बब्बर के गोदाम में रखा तूड़ी का स्टॉक भी जलकर राख हो गया। गुरमुख सिंह ने बताया कि रात करीब दस बजे आग लगी, जब आतिशबाजी की चिंगारी सूखे चारे पर गिरी। उन्होंने गोवंश को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, पर तब तक काफी नुकसान हो चुका था। गुरमुख सिंह पशुपालन से परिवार का गुजारा चलाते हैं और दूध बेचकर खर्च चलता है।
एक दुधारू गाय की मौत और अन्य पशुओं के झुलसने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पशुओं की हालत देखकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने सरकार और आमजन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। मेहता चौक के लोगों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवार को एक गाय खरीदकर दी, जिससे उन्हें कुछ सहारा मिला है।