करनाल/तरावड़ी। धनतेरस के त्योहार पर किले के पास स्थित धर्मपाल कॉलोनी में किराये की जगह पर चल रही ईशा इम्पेक्स फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही देर में फैक्टरी में लपटें उठने लगीं। आग ने सामान, मशीनें और एक स्कॉर्पियो कार जल गई। दमकल विभाग की करनाल व कुरुक्षेत्र से आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ढाई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया जा सका।
फैक्टरी मालिक दीपक ने बताया कि उनकी फैक्टरी में फोम के गद्दे तैयार किए जाते हैं। शनिवार दोपहर को अचानक फैक्टरी से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग फैल गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायरब्रिगेड व पुलिस को दी। फोम और कपड़ा होने के कारण आग फैली। तरावड़ी थाना के जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। लपटें तेज थीं लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
आग इतनी तेज थी कि फैक्टरी में रखी फोम की शीटें, मशीनें, कच्चा माल और कार जलकर राख हो गई। आसपास की दुकानों और मकानों को खतरा न पहुंचे, इसके लिए पुलिस ने इलाके को खाली करवाया। आग लगने के बाद करीब एक किलोमीटर दूर से ही धुएं के गुबार दिखाई दिए। मौके पर लोगों की भीड़ भी जुटी रही।