संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सालवन गांव के युवक मोनू रावण का अनुसूचित जाति समाज के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। असंध निवासी राजेश कुमार ने इसकी शिकायत असंध थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सालवन के मोनू रावण सालवनिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उसने अनुसूचित जाति समाज के लोगों के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है। आरोपी ने वीडियो में सामाजिक संगठन भीम आर्मी और अंबेडकरवादी विचारधारा से जुड़े लोगों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को वीडियो भी साैंपा है। इसके अलावा शिकायत की काॅपी एससी-एसटी कमीशन चंडीगढ़, एसपी करनाल और डीएसपी असंध को भेजी है। असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार भारतीय न्याय संहिता की सार्वजनिक गलत बोलने व घृणा फैलाने वाले भाषण और झूठी सूचनाओं के प्रसार से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगामी जांच जारी है। आरोपी को काबू करके पूछताछ की जाएगी।