करनाल/इंद्री। इंद्री अनाज मंडी में उत्तर प्रदेश से पीआर धान लाकर बेचने पर प्रशासन ने आढ़ती के खिलाफ कार्रवाई की है। दुकान नंबर 157 की फर्म तेजिंदर सिंह सोहन लाल के संचालक आढ़ती तेजिंदर सिंह के खिलाफ इंद्री थाने पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। मार्केट कमेटी ने उसका लाइसेंस 14 दिन के लिए निलंबित कर दिया है।
22 अक्तूबर को एसडीएम रमन गुप्ता की जांच के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में करीब 160 क्विंटल धान मिला था। धान कहां से लाया गया, इस संबंध में आढ़ती संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। मार्केट कमेटी सचिव अमित कुमार ने बताया कि फर्म को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिला। ई-खरीद प्रक्रिया में अनियमितता की आशंका पर आढ़ती व फर्म के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। ब्यूरो/संवाद