डॉक्टर ने बताया कि मरीज के परिजनों को सुरक्षा कर्मी ने बताया था कि रात के नौ बजे मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट को छोड़कर सभी बंद कर दिए जाते हैं। इसलिए मुख्य गेट से ही जाना होगा लेकिन मरीज के तीमारदारों ने सुरक्षाकर्मी की नहीं सुनी और उसके साथ बहस करने लगे।
करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में देर रात एक मरीज के तीमारदारों व सुरक्षा कर्मियों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें कॉलेज के डॉक्टर सहित कई सुरक्षा कर्मियों को चोट लगी है। एक सुरक्षाकर्मी का हाथ भी टूट गया है। मरीज के तीमारदारों को भी चोट लगी है। इस मामले को लेकर सुरक्षा कर्मियों ने मंगलवार सुबह कॉलेज के निदेशक कार्यालय के बाहर कुछ समय के लिए धरना दिया और दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। निदेशक के आश्वासन के बाद सुरक्षाकर्मी शांत हुए। दोनों पक्षों की ओर से सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
मरीज के तीमारदार इंद्री निवासी प्रवीन ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुमन को डिलीवरी के लिए तीन दिन पहले मेडिकल कॉलेज में लेकर आया था। उसकी पत्नी ने सोमवार रात को बच्ची को जन्म दिया था। वह रात के समय अपनी बहन के घर से कंबल व अन्य कपड़े लेने गया था। उसके साथ उसका भांजा हर्ष, उसकी माता व बहन भी थी। जब वह रात को एनडीआरआई की तरफ वाले गेट से मेडिकल कॉलेज में आने लगा तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मी ने उसे रोक लिया और कहा कि मुख्य गेट से आओ यह बंद है।
इसी बात को लेकर गार्ड धक्कामुक्की करने लगा। इसके बाद सुरक्षा कर्मी ने अपने इंचार्ज डॉक्टर को बुलाया और 15 से 20 सुरक्षाकर्मी आ गए। उन्होंने उसे, उसकी बहन, माता व भांजे को पीट दिया व जाति सूचक शब्द कहे। इसके बाद रात को उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया तो पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
वहीं, डॉक्टर ने बताया कि मरीज के परिजनों को सुरक्षा कर्मी ने बताया था कि रात के नौ बजे मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट को छोड़कर सभी बंद कर दिए जाते हैं। इसलिए मुख्य गेट से ही जाना होगा लेकिन मरीज के तीमारदारों ने सुरक्षाकर्मी की नहीं सुनी और उसके साथ बहस करने लगे। उनका सुपरवाइजर गया तो वह नहीं माने। जब वह खुद उन्हें समझाने गया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने 15 से 20 अन्य व्यक्ति भी बुला लिए और सुरक्षा कर्मचारियों व उसके साथ मारपीट की। जिसमें उसका दांत तोड़ दिया, सुपरवाइजर का हाथ व अन्य कर्मचारियों को गुम चोट लगी है।
जांच अधिकारी के अनुसार
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा कर्मी व मरीज के परिजनों के बीच हुए झगड़े की दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। -विष्णू मित्र, थाना प्रभारी सिविल लाइन थाना।