विश्राम गृह पर पति को नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक विवाहिता के साथ
दुराचार के मामले में लोक निर्माण विभाग के जांच अधिकारी ने मामले की जांच
कर पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है, वहीं लगभग 15 दिन बीत जाने
के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
पुलिस आरोपी का अभी कोई सुराग नहीं
निकाल पाई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
जाएगा। मालूम हो कि 8 मई क ो लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस के वीआईपी
रूम में एक विवाहिता के पति को नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसके साथ
दुराचार किया गया था।
आरोपी के लिए रेस्ट हाउस का वीआईपी रूम खुलवाने के
लिए चंडीगढ़ से किसी मंत्री के पीए का फोन एक्सईएन को आया था। एक्सईएन ने
एसडीओ को फोन कर दिया और बाद में एसडीओ ने रेस्ट हाउस पर तैनात चौकीदार को
फोन करके कमरा खुलवा दिया था। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने
इस मामले की जांच पानीपत के एक्सईएन एचएल सिंगला को सौंप दी थी तथा चौकीदार
फतेह सिंह को सस्पेंड कर दिया था।
पुलिस ने महिला के बयान पर तुरंत रोहतक
निवासी पवन के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और पुलिस
ने दावा जताया था कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच
अधिकारी पानीपत के एक्सईएन एचएल सिंगला ने रेस्ट हाउस पर पहुंचकर मामले की
जांच कर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान दर्ज कर लिए थे तथा बाद में
मामले की बारीकी से जांच करने के लिए कुछ कर्मचारियों को पानीपत भी बुलाकर
मामले की जांच की। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच अधिकारी ने इस मामले
की पूरी जांच करके पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है, लेकिन अब
तक उच्च अधिकारियों से इस मामले में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कोई
कार्रवाई नहीं की है।
वहीं 15 दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथ
खाली हैं और न ही उसकी लालबत्ती की गाड़ी का पता लगा पाई है। पुलिस बार बार
आरोपी को शीघ्र पकड़ने का दावा जता रही है।
जांच अधिकारी एचएल सिंगला
ने बताया कि पूरे मामले की जांच करने के बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को
सौंप दी है। उन्होंने इस मामले में कुछ और बताने से इंकार कर दिया।