नशे में धुत एक युवक की गाड़ी तरावड़ी ओवरब्रिज पर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि युवकों की चोट नहीं आई। हादसे से गुस्साए मालिक ने कार को ही आग लगा दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस इंस्पेक्टर जसमेर सिंह ने बताया कि करनाल की शिव कॉलोनी निवासी प्रवीन अपने साथी रिंकू के साथ सुबह सात बजे के करीब तरावड़ी आ रहा था। वह नशे में धुत था। नशे में होने की वजह से आल्टो कार बेकाबू होने पर डिवाइडर पर जा टकराई जैसे ही कार डिवाइडर से टकराई तो अपने साथी के साथ प्रवीन गाड़ी से बाहर निकला और देखा कि अगला हिस्सा चकनाचूर हो चुका है। उसने गुस्से में आकर अपनी ही कार को आग लगा दी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर फायर ब्रिगेड को बुलाया और आग पर काबू पाया। पुलिस ने कार मालिक प्रवीण निवासी करनाल और उसके साथी को काबू कर उनका मेडिकल करवा लिया है।