इंद्री से इनेलो के पूर्व विधायक डॉ. अशोक कश्यप के अस्पताल पर भ्रूण लिंग
जांच में रंगे हाथों पकड़े आरोपियों में से फरार आरोपी को भी दबोच लिया
गया है।
आरोपी नरेश वासी इस्माईलाबाद, कुरुक्षेत्र आठ हजार रुपये लेकर फरार
हुआ था। इंद्री थाना के एएसआई अशोक कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर
इंद्री के एरिया से आरोपी नरेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी को इंद्री कोर्ट
में पेश कर एक दिन के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया कि रिमांड के
दौरान आरोपी से आठ हजार रुपये बरामद करना व लिंग जांच मामले में गहराई तक
जाने के लिए पूछताछ की जाएगी।
एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पांच जुलाई
को अंबाला से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करनाल के अधिकारियों की मदद से
इंद्री में डॉ. अशोक के अस्पताल में छापा मारा। टीम ने योजना के अनुसार
अंबाला शहर की महिला को गर्भवती महिला के तौर पर भ्रूण लिंग जांच कराने के
लिए भेजा।
इस कार्य के लिए सुखबीर जो कि लीलावती अस्पताल अंबाला शहर में
वार्ड ब्वाय है ने लिंग जांच के लिए 13 हजार रुपये मांगे थे। टीम ने छापा
मारकर दलाल सुखबीर से पांच हजार रुपये बरामद किए गए व अशोक के अस्पताल में
उपस्थित आठ हजार रुपये नरेश आठ हजार रुपये लेकर भाग गया। टीम ने
रिसेप्शनिस्ट पूजा के कब्जे से एक कॉपी व एक राइटिंग पैड पकड़ा। इन पर उन
गर्भवती महिलाओं के नाम व पेमेंट डिटेल का वर्णन है जिनको भ्रूण लिंग जांच
के लिए लाते थे। आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट की धाराओं के तहत
मामला दर्ज किया गया। डॉ. अशोक कश्यप, सुखबीर वासी कतलाहेड़ी (शाहबाद),
पूजा वासी गुढा जिला करनाल न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।