शहर में बढ़ रहे अपराध के मामलों को खुद एसपी पंकज नैन ने स्वीकार किया है। एसपी पंकज नैन ने माना कि पिछले कुछ दिनों में आपराधिक घटनाएं, इनमें चोरी और स्नेचिंग के मामले बढ़े हैं। इस स्थिति को देखते हुए सभी पुलिस कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं और सीआईए समेत सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों पर सख्त नजर रखने के आदेश जारी किए हैं। एसपी का दावा है कि चोर गिरोह और स्नेचिंग गिरोह के कुछ सदस्यों के अहम सुराग लगे हैं, जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा। बता दें कि अमर उजाला ने 24 अक्तूबर के अंक में अपराध को लेकर समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
गौरतलब है कि शहर में पिछले 15 दिन से चोरी और चेन स्नेचिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं गन प्वाइंट पर लूटपाट के मामले भी धड़ाध़ड़ सामने आ रहे हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद बदमाश पुलिस के काबू नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को सीआईए वन में पत्रकारों से रूबरू एसपी पंकज नैन ने कहा कि पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। चोरों और लूटेरों को पकड़ने के लिए स्पेशल अभियान चलाया गया है। बदमाशों को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं, जल्द ही उन्हें काबू किया जाएगा। एसपी ने बताया कि फिलहाल एसपी से लेकर सिपाही तक सभी पुलिस कर्मचारी एक्सट्रा आवर्स में काम कर रहे हैं, ताकि जिले में माहौल सुरक्षित रहे। रात की पुलिस गश्त भी बढ़ाई गई है और नाकों के स्थान भी बदले गए हैं। कई नए नाके तैयार किए गए हैं, ताकि बदमाशों को काबू किया जा सके।
इसलिए करनी पड़ी छुट्टी रद्द
एक तरफ शहर में लगातार वारदातें बढ़ रही हैं, वहीं गुड़गांव में प्रदेश के स्वर्ण जयंती समारोह में देश के पीएम के आने को लेकर करनाल से आधा दर्जन इंस्पेक्टरों समेत काफी संख्या में पुलिस कर्मचारियों को वहां पर भेजा गया है। ऐसे में कर्मचारी कम होने के कारण सभी की छुट्टी रद्द की गई हैं। बता दें कि करनाल जिले में करीब 1900 पुलिस अधिकारी और जवान हैं। हालात को देखते हुए एसपी ऑफिस में क्लेरिकल कार्य करने वाले स्टाफ को भी फिल्ड और बाजारों में तैनात किया गया है, ताकि बदमाशों पर नजर रखी जा सके। तीसरा कारण है, त्योहारी सीजन चल रहा है, जिसके कारण शहर में सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
बाजारों में सीसीटीवी वैन तैनात
त्योहारी सीजन और भीड़ को देखते हुए बाजार में सुरक्षा का माहौल देने के लिए सीसीटीवी वैन तैनात की गई है। इसके साथ ही बाजारों में ऐसे पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं, जो दूरबीन के जरिए लोगों पर नजर रखे हुए हैं। बाजारों में चोरी, स्नेचिंग, लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अब पुलिस की पकड़ से बच नहीं पाएंगे।