संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। नगरपालिका के दो हजार रुपये के चालान के डर से दुकानदारों ने अपना सामान दुकानों के अंदर रखना शुरू कर दिया है। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को अतिक्रमण से राहत मिलना शुरू हो गई है। नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार अगर दुकानदारों ने अतिक्रमण को फिर बढ़ावा दिया तो पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
रेलवे रोड, एसडी मंदिर सहित अन्य बाजार में दुकानदार अपनी दुकानों के सामने सामान रख कर अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे थे। इससे पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे लोगों को परेशानी होती थी। नगरपालिका ने कई बार दुकानकारों को नोटिस व मौखिक से समझाया लेकिन दुकानदार नहीं मानें। नगरपालिका ने दुकानदारों की बैठक बुलाकर कहा कि अगर किसी भी दुकान के बाहर सामान रखा मिला तो शुरुआती दौर में दो हजार रुपये का इसके बाद पांच हजार का जुर्माना होगा।
नगरपालिका सचिव रविप्रकाश शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका का अभियान जारी है। पहले दौर में दुकानदारों पर दो हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। अभी तक 10 दुकानदारों का चालान काटा गया और 16 हजार रुपये वसूल लिए है। अगर दुकानदार नहीं मानें तो अब पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। चालान होने के बाद अन्य दुकानदारों ने भी अपना सम्मान दुकानों में रखना शुरू कर दिया।
- शाम के समय रेलवे रोड पर लग जाती थी रेहड़िया
शाम होते ही रेलवे रोड पर जगह-जगह लगभग 50 से 60 फास्ट फूड सहित अन्य रेहड़िया लग जाती थी और उसके सामने बाइक सवार अपनी बाइक खड़ी कर लेते थे। इससे विश्वकर्मा चौंक पर जाम लग जाता था और रोजाना कोई न कोई दुर्घटना हो जाती थी। अब रेलवे रोड से रेहड़िया लगभग हट चुकी हैं।