माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नीलोखेड़ी पुलिस चौकी के पास जीटी रोड पर सोमवार अलसुबह साढ़े चार बजे एक कार और ट्राॅले की टक्कर हो गई। इस हादसे में मथुरा निवासी पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि परिवार के छह लोग घायल हो गए।
हादसा इतना भयंकर था कि कार ट्राॅले के नीचे फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने सभी को कार से बाहर निकाल एंबुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया तो ट्राॅले के चालक ने फंसी कार समेत ट्राॅले को भगाने का प्रयास किया।
कार सवार परिवार के साथ कांगड़ा में देवी माता के दर्शन करने गए थे, वहां से लौटते समय हादसा हो गया। पीड़ित परिवार के बेटे की शिकायत पर थाना नीलोखेड़ी पुलिस ने ट्राॅला चला रहे चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना बुटाना पुलिस को रुद्र प्रताप शर्मा निवासी देव नगर, माल गोदाम रोड मथुरा, उत्तर प्रदेश ने बताया कि छह जून को वह अपने पिता ओमप्रकाश, माता हेमलता, दादी प्रेमवती, भाभी रक्षा शर्मा, भाई देव शर्मा, बहन योगिता और अभिंका के साथ कांगड़ा में देवी माता के दर्शन करने गए थे। कार लोकेश चला रहा था।
सोमवार को वापसी में जब वे जीटी रोड पर नीलोखेड़ी पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो कार के आगे चल रहे ट्राॅले ने बिना संकेत दिए कट मार दिया। इससे उनकी कार ट्राॅले से टकरा गई। रोड से गुजर रहे लोगों ने उन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। कुछ देर बाद एंबुलेंस के जरिये उनको अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनके पिता ओमप्रकाश और भाई देव कृष्ण की गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित रुद्र प्रताप ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद ट्राॅले चालक ने अपना नाम अवतार सिंह निवासी रानिया सिरसा बताया। जब लोगों ने उनके परिवार को कार से बाहर निकाला तो अवतार ने ट्राॅले में फंसी कार के साथ भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया मगर कुछ देर बाद वह भाग गया।