माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राज्य के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी शुक्रवार को करनाल के प्रजापिता ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को हरियाणा में नहीं बल्कि पंजाब में आंदोलन करना चाहिए, क्योंकि न तो वहां एमएसपी पर खरीद हो रही है और न किसानों को खाद, पानी और बिजली मिल रही है।
उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि हरियाणा के किसान आंदोलन में भाग नहीं लेंगे। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के सवाल पर कहा कि भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस अभी नेता प्रतिपक्ष नहीं चुन सकी है।
उन्हें नहीं लगता कि कांग्रेस अपना प्रत्याशी उतार पाएगी। यदि उतारेंगे तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनके पास जो वोट हैं, वह भी पड़ना मुश्किल हैं। अर्जुन चौटाला के बयान पर उन्होंने कहा कि देश में किसानों के लिए सीएम नायब सिंह सैनी काम कर रहे हैं। एमएसपी पर किसानों की फसलें खरीदी जा रही हैं। भुगतान भी चौबीस घंटे के अंदर किसानों के खाते में जा रहा है।
चौबीस घंटे बिजली दी जा रही है, चौटाला परिवार को अपना समय याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ दिसंबर को हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं और पानीपत की ऐतिहासिक धरा पर प्रदेश की जनता को एक बहुत बड़ी सौगात देंगे। उन्होंने याद दिलाया कि पानीपत की धरती से ही प्रधानमंत्री ने ‘बेटी बचाओ-पढ़ाओ’ अभियान शुरू किया था और अब इसी धरा से महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में ‘बीमा सखी योजना’ की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता जयंती मनाई जा रही है।
इस वर्ष भी 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन कुरुक्षेत्र में हो रहा है। इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तंजानिया व राष्ट्रीय स्तर पर उड़ीसा पार्टनर प्रदेश के तौर पर अपनी भागीदारी निभा रहा है। इस दौरान देश व प्रदेश की संस्कृति से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देखने को मिलेगी। संबंधित खबर पेज दो पर