माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग करते हुए सोहना गांव के पास धरना दे रहे किसानों के समर्थन में 15 वें दिन शुक्रवार को मंगलौरा गांव के किसान भी पहुंच गए। किसानों ने सड़क के बीच में ही टेंट लगा दिया है। किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था शुरू कर दी। शनिवार सुबह 11 बजे प्रदेश स्तरीय किसान नेताओं की बैठक भी होगी। इसमें आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
शुक्रवार को धरने की अध्यक्षता खंड करनाल के उपाध्यक्ष रविंद्र काला मंगलौरा ने की। धरने पर भाकियू के चेयरमैन साहब सिंह बाजवा विशेष तौर पर पहुंचे और आंदोलनकारी किसानों का हौसला बढ़ाया। रविंद्र काला मंगलौरा ने कहा कि रिंग रोड पर सर्विस लेन की मांग पूरी तरह जायज है और यह केवल कुछ किसानों या एक-दो गांवों की नहीं, बल्कि दर्जनों गांवों के लोगों से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सर्विस लेन बनने से क्षेत्र के सभी लोगों को सीधा लाभ मिलेगा लेकिन इसके बावजूद एनएचएआई के अधिकारी किसानों की इस वाजिब मांग को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारी अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं और पहले किए गए वादों से साफ तौर पर मुकर चुके हैं।
इस अवसर पर भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतनमान, दीपक बदरहण सोहाना, बाबू राम शर्मा, मुनीष बदरहण, पवन मान, अमृत मान, ओम प्रकाश, वेदपाल, सुरेंद्र सांगवान, राजू सांगवान, महिंद्र सिंह मंढाण, सतीश कुमार रिंडल, जोगिंद्र सिंह शेखपुरा, भीम सिंह सांगवान, दीपक शर्मा, राज कुमार, कृष्णचंद नंबरदार, हवा सिंह, शक्ति सिंह, बलबीर तेवतिया, बलराम व रामकुमार सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।
आगामी रणनीति पर होगा मंथन
भाकियू प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान ने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को धरनास्थल पर बुलाया गया है। सभी पदाधिकारी शनिवार की सुबह 11 बजे धरने पर पहुंचेंगे और आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। किसानों की एकजुटता और धरनास्थल पर की गई व्यवस्थाओं से यह साफ हो गया है कि आंदोलन अब और लंबा खिंच सकता है। किसान पूरी तरह से संघर्ष के मूड में हैं और मांग पूरी होने तक आंदोलन को और तेज करने का एलान कर चुके हैं।