संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। किसान आंदोलन के मददेनजर करनाल पुलिस सतर्क हो गई है। आपात स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एल्फा, ब्रावो, चार्ली व डेल्टा नाम से चार कंपनियों का गठन किया गया है। प्रत्येक कंपनी में करीब 100 जवानों रखे गए हैं। गठित की गई कंपनियों में नियुक्त जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी कंपनियां डीएसपी रैंक के अधिकारी के अधीन अभ्यास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन की देखरेख में शनिवार को पुलिस लाइन में जवानों को विशेष परीक्षण देकर अभ्यास कराया गया और दंगा रोधक उपकरणों से की ड्रिल करवाई गई। इस अभ्यास में ड्रोन कैमरों को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षण में स्वेट टीम, कमांडो, वज्रा, वाटर कैनन, आंसू गैस टीम, एल्फा, ब्रावो, चार्ली व डेल्टा नामक चार कंपनियों के पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
एसपी ने कहा कि संभावित किसान आंदोलन के दौरान जिले में कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। संभावित आंदोलन को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसके लिए पर्याप्त संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स, जिला पुलिस, इंडियन रिजर्व बटालियन व आर्म्ड फोर्स के जवानों की तैनाती सभी अंतरराज्यीय व अंतर जिला बॉर्डर पर की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी नजर
एसपी ने कहा कि आंदोलन की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व अफवाहों के माध्यम से शांति भंग करने का भी प्रयास कर सकते हैं। पुलिस की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर है। किसी भी प्रकार की अफवाह व भ्रांति फैलाने वाली, भड़काऊ, उकसाने वाली व अराजकता फैलाने वाले पोस्ट शेयर या फॉरवर्ड किए जाते हैं तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।