संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। असंध सफीदों मार्ग स्थित दनौली के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार नजदीकी डेरा निवासी किसान जगतार (48) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मार्ग पर घना कोहरा छाया था। कार की रफ्तार तेज थी। पुलिस ने असंध के वार्ड-6 निवासी राजीव की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
राजीव ने बताया कि वह राशन डिपो होल्डर है। सफीदों के रोहड़ गांव में किसी काम से हुए थे। मंगलवार की शाम को 7 बजे वह असंध लौट रहे थे। रात को घना कोहरा था। इसी दौरान असंध की तरफ से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी। उनके आगे बाइक पर सवार होकर दनोली के नजदीक डेरा निवासी किसान जगतार जा रहे थे। असंध की तरफ से आई कार की जगतार की बाइक को सामने से टक्कर लगी। किसान की बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जगतार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद दनोली गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मौत हो गई। राजीव ने पुलिस को बताया कि हादसा कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ है। असंध थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-
डेरे पर लौट रहे थे
मृतक के भाई जज सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई जगतार सिंह (48) मैक्स स्कूल के सामने डेरे पर रहते थे। दनोली गांव में किसी काम से गए हुए थे। देर रात डेरे पर लौट थे थे। उसी दौरान असंध की तरफ से आई तेज रफ्तार कार की टक्कर बाइक को लगी। जज सिंह ने बताया कि जगतार के एक बेटा और एक बेटी है। जगतार खेतीबाड़ी करके परिवार का गुजारा करता था। अब परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। किसान की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
-