50 एकड़ जमीन पट्टे पर लेकर मोटी रकम जमा करवाने का दिया झांसा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ऑस्ट्रेलिया का पीआर दिलाने के नाम पर शाहपुर गांव के एक किसान से 30 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता किसान पवन ने बताया कि वह मूल रूप से शाहपुर गांव का निवासी है और वर्तमान में कुंजपुरा रोड स्थित अशोका नर्सरी में रह रहा है। आरोपी रजनीश, रीना और रीना काम्बोज नामक तीन व्यक्तियों ने उसे भरोसे में लेकर ऑस्ट्रेलिया की पीआर दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी रजनीश और उसकी पत्नी रीना करनाल स्टेशनरी नाम से दुकान चलाते हैं और लोगों को विदेश भेजने के कार्य में लगे हैं। आरोप है कि दिसंबर 2021 में आरोपियों ने किसान को झांसे में लेते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया सरकार ने किसानों के लिए विशेष स्कीम शुरू की है जिसके तहत वहां की पीआर ली जा सकती है। इसके लिए 50 एकड़ जमीन पट्टे पर लेकर मोटी रकम जमा करवानी होगी।
विश्वास में लेकर प्रार्थी से किश्तों में 30 लाख रुपये वसूले गए। जिनमें से कुछ रकम बैंक खातों में ट्रांसफर की गई जबकि कुछ नकद दी गई। शुरू में आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक न तो कोई दस्तावेज दिए गए और न ही वीजा या पीआर की प्रक्रिया पूरी की गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उसने रुपये वापिस मांगे तो उसे टालमटोल किया गया और उल्टा और पैसे मांगकर दबाव बनाया गया। अब आरोपी दुकान बंद करके फरार हैं और फोन भी नहीं उठा रहे। पीड़ित को शक है कि आरोपी देश छोड़ने की फिराक में हैं। किसान की शिकायत पर थाना सेक्टर 32-33 पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।