- विभिन्न स्टाॅलों से लेकर शोरूमों तक में देर शाम तक खरीदारों की उमड़ी भीड़
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। धनतेरस पर बाजार में धन बरसा के बाद अब दीपोत्सव मनाने के लिए कर्ण नगरी तैयार है। लोगों ने तैयारी पूरी कर ली है। देर रात तक लोगों ने बाजार में विभिन्न स्टाॅलों से लेकर बड़े शोरूमों तक से खरीदारी की। जिससे करोड़ों रुपये का व्यापार हुआ। लोग पूरे दिन खरीदारी में जुटे रहे। कपड़े, जूते, मोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स व सराफा बाजार में दिन भर भीड़ रही। वहीं दीपावली की पूर्व संध्या पर शहर रोशनी से जगमग नजर आया। लाइटों की दूधिया रोशनी में नहाए बाजार की रौनक देखते ही बनी। दुकानदारों ने बाजार को विशेष रूप से लड़ियों के साथ सजाया है। कर्ण गेट मार्केट, सर्राफा बाजार, कुंजपुरा रोड व पुरानी सब्जी मंडी रोड पर लगे स्टाॅलों पर लोग खरीदारी करते दिखाई दिए।
खूब बिका सजावट का सामान
घर की सजावट के लिए इस बार इलेक्ट्रिक के साथ-साथ आर्टिफिशियल फ्लावर लड़ी का खासा क्रेज रहा। कुंजपुरा रोड व नेहरु पैलेस बाजार में लगी दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। दुकानदारों के अनुसार, गत वर्ष के मुकाबले इस बार कारोबार काफी अच्छा रहा है। मार्केट में कई तरह का नया सामान आया है। फ्लावर लड़ी 100 रुपये से पांच हजार रुपये तक में उपलब्ध है। विद्युत लड़ी 50 रुपये से 250 रुपये तक में मिल रही है। इसके अलावा एलईडी बार्डर की मांग भी काफी ज्यादा है।
गिफ्ट पैक और ड्राई फ्रूट ट्रे बनी पसंद
दिवाली पर्व पर एक-दूसरे को उपहार देने का प्रचलन लंबे समय से चल रहा है। इस बार लोगों ने गिफ्ट पैक में सबसे ज्यादा पैक्ड फूड, कनफेक्शनरी और ड्राइ फ्रूट पैकिंग की खरीदारी की। इसके अतिरिक्त अन्य नामी कंपनियों के उत्पादों के गिफ्ट पैक की भी खूब बिक्री हुई। मार्केट में काजू व बादाम की ट्रे 500 रुपये से 2500 रुपये तक बिकी। वहीं मिठाई की भी खूब बिक्री हुई। हालांकि लोगों ने मिठाई से ज्यादा अन्य गिफ्ट पैक उपहार में देने पसंद किए।
खुश दिखे कुम्हार
दीयों के त्योहार पर मिट्टी के दीयों की भी खूब बिक्री हुई। शहर के बाजार में विभिन्न जगहों पर मिट्टी के दीयों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के स्टाल लगे हैं। जहां लोगों ने दीयों की खूब खरीदारी की। मार्केट में छोटे दर्जन दीये व एक बड़ा दीया 25 रुपये तक बिका। हालांकि साइज व डिजाइन के आधार पर इनके दाम अलग-अलग रहे। कुम्हार का काम करने वाले अक्षय प्रजापत और विवेक पाल ने बताया कि इस पर्व को लेकर काफी समय पहले से ही उनकी तैयारी शुरू हो जाती है।
आज 250 से ज्यादा वाहनों की होगी डिलीवरी
धनतेरस के बाद दिवाली के दिन भी काफी लोग वाहनों की खरीदारी करते हैं। कार के शोरूम प्रबंधक ने बताया कि उनके शोरूम से वीरवार को 25 कारों की डिलीवरी होगी। इसी तरह अलग-अलग बाइक शोरूम संचालकों के अनुसार, उनके यहां भी 70 से ज्यादा की डिलीवरी होगी। ऐसे में जिले के 30 से ज्यादा अलग-अलग शोरूम से करीब 250 वाहनों की डिलीवरी होगी। धनतेरस पर भी इलेक्ट्रिक वाहनों की काफी बिक्री हुई थी।