संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। आरके पुरम की गली नंबर 16 में एक सोयाबीन चाप फैक्टरी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जहां कॉमर्शियल के बजाए घरेलू सिलिंडर प्रयोग करते पाया गया।
खाद्य आपूर्ति विभाग व पुलिस की टीम ने फैक्टरी से चार घरेलू सिलिंडर कब्जे में लिए और फैक्टरी संचालक को पकड़ लिया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली कि आरके पुरम में शामली (यूपी) निवासी साजिद ने सोयाबीन चाप बनाने की फैक्टरी लगा रखी है।
जहां भट्ठी पर कॉमर्शियल सिलिंडरों के स्थान पर घरेलू सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। अधिकारियों के आदेश पर खाद्य आपूर्ति विभाग निसिंग में तैनात निरीक्षक लोकेश और उपनिरीक्षक मनोज कुमार व मुख्यमंत्री उड़नदस्ता करनाल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सेक्टर-32 थाना पुलिस के साथ फैक्टरी का औचक निरीक्षण किया।
फैक्टरी में मजदूर भट्ठी पर घरेलू सिलिंडर लगाकर काम करते पाए गए। कुछ देर बाद फैक्टरी संचालक साजिद निवासी मवी मामौर अहतमली हाल निवासी शामली, उत्तर प्रदेश मौके पर पहुंच गया। एक घरेलू सिलिंडर भट्ठी पर लगा था। जबकि तीन खाली पाए गए। सेक्टर 32 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।