करनाल के मधुबन पुलिस अकादमी में आयोजित दीक्षांत परेड के दौरान बोलते सीएम मनोहर लाल ।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि शनिवार का दिन खेलों को लेकर हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजुजू से हरियाणा में खेल सुविधाओं को लेकर बातचीत होगी, जिससे हरियाणा के हिस्से में बहुत कुछ आने की उम्मीद है। करनाल में 50 मीटर का स्वीमिंग पुल और एथलेटिक्स में भी केंद्र की सहमति से कई खेल सुविधाएं करनाल को मिलने की संभावना है। सीएम शनिवार को कर्ण स्टेडियम में विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा को स्पोटर्स हब बनाएंगे, जिससे प्रदेश के कोने-कोने में राष्ट्रीय स्तर के खेल सुविधाओं की अवसंरचना, प्रशिक्षण व कोच उपलब्ध करवाए जाएंगे। हरियाणा की खेल नीति देशभर में श्रेष्ठ है। प्रदेश के खिलाड़ियों को नौकरियों में आरक्षण जैसी सुविधाएं प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि केवल संकल्प की आवश्यकता है। खेलों में हरियाणा को देश के अंदर सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। एशियन खेल हो या कामनवेल्थ या अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाएं हो, उनमें आधे से ज्यादा विजेता हरियाणा के रहे हैं।
क्रिकेट स्टेडियम पर सीएम बोले, परंपरागत खेलों को दे रहे बढ़ावा
सीएम ने कहा कि करनाल में खेलों का सामान रखने के लिए भी सेंट्रल स्टोर बनाया जा सकता है। करनाल में क्रिकेट जैसे खेलों के लिए अंतरराष्ट्ररीय स्तर के बड़े खेल स्टेडियम की मांग पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पर विचार करने की बात है। उन्होंने कहा कि देश में परंपरागत खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। खिलाड़ियों से भी आह्वान है कि वे परंपरागत खेलों से जुड़ें।