- जनसंवाद कार्यक्रम में बोले मनोहर लाल, कहा- चुनावी मौसम में बरगलाएंगे विपक्षी, रहें सावधान
- विरोधाभाषी जवाब देने पर फंसे अफसर, सीएम ने चंडीगढ़ किया तलब
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार अब सरकारी अस्पतालों में भी प्राइवेट अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार आधारभूत संरचना तैयार कर रही है। वह रविवार को जनसंवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने जनता को विपक्ष की चुनावी चाल से आगाह करते हुए कहा कि चुनावी मौसम में विपक्षी नेता बाहर निकलकर बरगलाएंगे, इनसे सावधान रहने की जरूरत है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने काछवा में जनसंवाद कार्यक्रम में एक स्टेडियम को लेकर दो विभागों के उत्तर विरोधाभाषी होने पर दोनों अधिकारियों को अभिलेखों के लिए चंडीगढ़ तलब कर लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में किसानों को उनकी योजनाओं के लाभ की धनराशि उनके खाते के माध्यम से ही दी जा रही है, जिससे पारदर्शिता आई है। सरकार ने फर्जी खातों पर लगाम लगाते हुए 1500 करोड़ रुपए की बचत भी की है। भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए सरकार कृत-संकल्प है।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता से स्टेडियम के बारे में पूछ लिया। जवाब मिला कि स्टेडियम को खेल विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है, लेकिन यहां मौजूद टेनिस कोच ने तत्काल जवाब दिया कि उन्हें जिला खेल अधिकारी ने बताया कि अभी तक स्टेडियम को हस्तांतरित नहीं किया गया है। दोनों की विरोधाभाषी बातों पर मुख्यमंत्री गंभीर हो गए और उन्होंने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता और जिला खेल कार्यालय के कोच को स्टेडियम से संबंधित समुचित कार्रवाई की रिपोर्ट फाइल के साथ मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उपस्थित होने के निर्देश दिए।