फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: सरपंच से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी

विज्ञापन
मंगलोरा के सरपंच का घर
विज्ञापन
करनाल/घरौंडा। मंगलौरा गांव के सरपंच को विदेशी नंबर से कॉल करके पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। कुछ दिन पहले आई इस कॉल का जवाब न देने पर वीरवार की रात को गांव के स्वागत द्वार पर लगी सरपंच की फोटो पर गोली मारी। गोली मारते दो युवकों का फोटो सरपंच के नंबर पर भी भेजा गया है।
विज्ञापन

कॉलर ने पंजाबी में बात करते हुए खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया और रुपये न देने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कहा कि तेरा लड़का चंडीगढ़ में रोला कर रहा है। अगर हमें जवाब नहीं मिला तो वो वापस नहीं आएगा। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साथ ही सरपंच की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

सरपंच मनजीत ने बताया कि 20 सितंबर को उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने पंजाबी में खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आरोप है कि कॉलर ने सरपंच की गतिविधियों, आने-जाने और लोकेशन की जानकारी होने का दावा किया। जवाब नहीं देने पर गोली चलाने की धमकी भी दी गई थी।
विज्ञापन


कॉलर ने सरपंच के बेटे का जिक्र करते हुए कहा था कि वह चंडीगढ़ में है और यदि फोन या मैसेज का जवाब नहीं दिया गया तो वह घर वापस नहीं आएगा। धमकी में सरपंच के बाहर निकलने और आवाजाही पर नजर होने की बात भी कही गई। इससे सरपंच और उसके परिवार में भय का माहौल बन गया। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
फायरिंग करने वालों की पहचान कर रहे : डीएसपी
डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि धमकी के मामले की जांच चल ही रही थी कि मंगलौरा अड्डे पर गांव के स्वागत गेट में लगे सरपंच के फोटो पर फायरिंग की घटना सामने आ गई। आरोपियों ने सरपंच मनजीत को फायरिंग करते हुए वीडियो भेजा। घटना की वीडियो फुटेज भी सामने आई है जिसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर फायरिंग करने वालों की पहचान और धमकी से इसका संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अब सभी पहलुओं को जोड़कर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
12 अगस्त को भी मिली थी धमकी...

सरपंच को इससे पहले 12 अगस्त को भी फोन पर धमकी मिली थी। उस समय भी सरपंच ने पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी दी थी। कुछ समय तक धमकी भरे फोन बंद रहे लेकिन सितंबर में दोबारा पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिली। अब पोस्टर पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है। सरपंच खनन कारोबारी भी हैं। यमुना क्षेत्र और पलवल में उनका काम है। इसके अलावा मेरठ रोड पर उनका पेट्रोल पंप भी है।
क्या हाल... मैं लॉरेंस ग्रुप से डीके

सरपंच ने बताया कि कॉलर ने बातचीत के दौरान पूछा था कि मनजीत क्या हाल है। फिर कहा- मैं लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से डीके बोल रहा हूं। हमने तुमको 5 करोड़ रुपये के लिए कॉल किया है। आप समझदार हो, आपको पता है। अगर न मैसेज किया, तो गोली चलेगी, जिसके जिम्मेदार तुम खुद होंगे। वो चंडीगढ़ में फेरी लगा रहा है। यदि तुमने मैसेज का रिप्लाई या फोन न किया, तो आपका लड़का वापस घर नहीं आएगा। तुमने हमारी बात का कोई जवाब नहीं दिया, हमें सब पता है, तुम कहां पर आते-जाते हो।
29 माह में 22 मामले
करनाल। पिछले 29 महीनों में फायरिंग व रंगदारी की हुई 22 वारदात सामने आई। इनमें पुलिस ने स्थानीय स्तर के सभी 42 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। प्रत्येक मामले में जिस गैंगस्टर का नाम सामने आया, उस तक पुलिस नहीं पहुंच पाई। अप्रैल 2024 से लेकर अब तक जिले में लॉरेंस बिश्नोई, भानू राणा, काला राणा, बंबीहा, दिलेर कोटिया, गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा और कौशल चौधरी के नाम पर वारदात को अंजाम दिया गया। 2026 में अब तक पांच मामले सामने आ चुके हैं, चारों में व्हाट्सएप पर कॉल करके या वाइस नोट भेजकर ही रंगदारी मांगी गई। इन मामलों में पुलिस जांच कर रही है। ब्यूरो

ये हैं इस वर्ष के मामले
• 29 जून को दर्ज मामले में असंध के मोहन स्वीटस के संचालक ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनके छोटे भाई विक्की के पास अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल आया। कॉलर ने खुद को पानीपत के रेरकलां निवासी अनिल पंडित बताया और कहा कि दो करोड़ रुपये तैयार कर लो। अगर रुपये तैयार करके फोन नहीं किया तो जहां बैठा है वहीं गोली से उड़वा देंगे। ये भी कहा कि चाहे तो उसकी आवाज भी चेक करवा लेना उसे किसी का डर नहीं है और न ही वह फर्जी कॉल कर रहा है।
• 26 जून को असंध के अग्रवाल मिष्ठान भंडार के संचालक के पास सुबह के समय धमकी भरा कॉल आया। कॉलर ने खुद को अनिल पंडित बताया और एक करोड़ रुपये तैयार करने को कहा। कॉलर ने कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी है अगर रुपये नहीं दिए तो गोली से उड़वा देगा। 27 जून को दोबारा फिर आरोपी ने कॉल करके रंगदारी मांगी।
• 02 मई की रात को हरीसिंहपुरा गांव निवासी मिट्टी कारोबारी प्रदीप के पास रात करीब दो बजे विदेशी नंबर से कई बार कॉल आई। कॉलर ने खुद को विक्रम बॉक्सर बताया। आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि उसे उसके पूरे परिवार की जानकारी है। उसने बताया कि उसका एक बेटा कनाडा में है और दूसरा घर पर है। 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
• 04 जनवरी को नई अनाज मंडी मंडी के आढ़ती एवं प्रधान सुरेंद्र त्यागी से व्हाट्सएप पर दो वॉइस नोट भेजकर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई। पुर्तगाल के नंबर से आए मैसेज में बदमाश ने हिंदी में बोलते हुए कहा कि कहा कि 24 घंटे में संपर्क नहीं किया गया तो उन्हें देखे लेंगे। इससे पहले भी 14 जून 2025 को एक अन्य विदेशी नंबर से उन्हें इसी तरह की धमकी मिली थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें