संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते वसंत विहार कॉलोनी में एक ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया, जिसमें एक परिवार बाल-बाल बचा। इस घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई। मामला वसंत विहार कॉलोनी की गली नंबर 16 का है। जहां नगर खेड़े के पास लगे ट्रांसफार्मर से रात तीन बजे जोरदार धमाके के साथ गर्म तेल निकलने लगा और घर के आंगन में पड़ी चारपाई और बिस्तर पर गिर गया। चारपाई और बिस्तर जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि धमाके से पहले ही चिंगारी उठती देख पास के घर के आंगन में सो रहे एक परिवार के सदस्य भाग निकले। सुबह ट्रांसफार्मर बदले जाने के दौरान पीड़ित परिवार ट्रैक्टर के आगे लेटकर विरोध जताने लगा। बाद में समझा बुझाकर उसे शांत किया गया।
धमाके के कारण घबराए लोग यहां इकट्ठा हो गए। सभी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन किया और बताया कि यहां ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया है। जिससे तेल भी निकला है और सामान जल गया है, लेकिन रात को कोई नहीं पहुंचा। कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर आरोप लगाया कि जब रात 11 बजे ट्रांसफार्मर में चिंगारी उठनी शुरू हुई तो उन्होंने निगम के शिकायत नंबर से लेकर जेई तक को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। अगर बिजली निगम की टीम समय से पहुंच जाती तो यहा हादसा न होता। ट्रांसफार्मर में धमाका होने के बाद कॉलोनी के करीब 90 घरों की बत्ती गुल हो गई। जिसे ठीक करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। रविवार शाम चार बजे ट्रांसफार्मर यहां लगाया गया।
घर के करीब लगा है ट्रांसफार्मर
सुबह करीब नौ बजे बिजली निगम के एसडीओ व जेई घटनास्थल पर पहुंचे। जहां पर कॉलोनी वासियों ने ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने कॉलोनीवासियों को दो माह का समय दिया। इतने में नया ट्रांसफार्मर रखने की बात कही। जिससे कॉलोनी की बिजली चालू रहे, लेकिन परिवार ने तुरंत मौके पर ही ट्रांसफार्मर की जगह बदलने की मांग की और विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पहुंचे ट्रैक्टर के आगे परिवार के सदस्य लेट गए। जिस कारण सुबह ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। शाम को कालोनी वासियों ने उसको उठाया और आश्वासन दिलाया कि जल्द इसकी जगह शिफ्ट कर दी जाएगी तब वे यहां से हटे।
काफी समय से निकल रही थी चिंगारी, सूचना के बावजूद नहीं पहुंचा कोई
वसंत विहार कॉलोनी की गली नंबर 16 में नगर खेड़े और अनिल कुमार के घर की दीवारों से सटा एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। जिसमें कई दिनों से चिंगारी उठ रही थी। शनिवार की रात चिंगारी बढ़ती चली गई और अल सुबह तीन बजे ट्रांसफार्मर से जोरदार धमाका हो गया। गनीमत रही कि धमाका होने से पहले उठ रही चिंगारी को देखकर आंगन में सो रहा परिवार उठकर घर से बाहर चला गया और उसी समय ट्रांसफार्मर से धमाका हुआ और आंगन में पड़ी चारपाई व बिस्तरों पर ट्रांसफार्मर से निकला उबलता हुआ तेल और चिंगारी जा गिरी और देखते ही देखते सब कुछ जलकर राख हो गया।