संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव जयसिंहपुरा में शनिवार रात मकान की छत गिरने से मलबे के नीचे दबकर बुजुर्ग बलदेव (70) की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी मूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना पर राजस्व विभाग के कानूनगो रघबीर सिंह ने मौका मुुआयना किया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है। यह हादसा बारिश के कारण होना बताया जा रहा है।
रात्रि के समय दंपती चौबारे में सो रहे थे। दूसरे चौबारे में बेटे नरेंद्र का परिवार और नाना-नानी से मिलने आए अंकित व रेनू सो रहे थे। रात करीब दो बजे चौबारे की छत गिर गई। जोरदार आवाज सुनकर कमरे से बाहर आए नरेंद्र ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और बुजुर्ग बलदेव और उसकी पत्नी मूर्ति को निकाला। बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई थी।
अलग कमरे में सो गए थे बच्चे
पांच वर्षीय प्रीत तीन पौत्रियों में दादा बलदेव की सबसे लाडली थी। वह हर रोज रात को अपने दादा-दादी के साथ सोती थी। शनिवार को उसकी बुआ सिंद्रो का बेटा अंकित और बेटी रेनू अपने नाना-नानी से मिलने आए थे। प्रीत उनके साथ देर रात तक दूसरे कमरे में खेलती रही। बुजुर्ग महिला ने पौत्री प्रीत और अपने दोहते को अपने पास सोने को बुलाया, लेकिन वह खेल में मस्त रहे और नींद आने पर अलग कमरे में सो गए। ग्रामीणों ने कहा कि बलदेव का परिवार बेहद गरीब है। जमीन भी कम है, जो फसल के लायक भी नहीं है। ऐसे में परिवार के पास मकान बनाने के संसाधन उपलब्ध नहीं है। नरेंद्र सिंधड़, आजाद नंबरदार व नरेश ने कहा कि जिला प्रशासन व सरकार आर्थिक मदद करे।
गांव जयसिंहपुरा में बारिश के कारण मकान की छत गिर गई। जिसमें दबने से 70 वर्षीय बलदेव की मौत हो गई। मौका मुआयना किया है। रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी। यह परिवार काफी गरीब है।
- रघबीर सिंह, कानूनगो, तहसील असंध