संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। 31 दिसंबर की आधी रात को जैसे ही घड़ी सुई जैसे ही 12 बजे से आगे बढ़ी, वैसे ही आसमान आतिशी नजारों से भर गया। पटाखों की आवाजें गूंजने लगी। शहर के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट और क्लबों में जश्न मना रहे लोग उम्मीदों, उमंगों और उत्साह से भर गए।
लोगों ने डीजे आदि वाद्य यंत्रों में नाचते गाते बीते वर्ष को विदाई देकर नव वर्ष 2025 का स्वागत किया। लोगों ने फोन व मैसेज करके, वीडियो कॉल करके अपनों को नए साल की शुभकामनाएं दी। वर्ष 2024 की अंतिम रात को होटल नूर महल, करनाल क्लब, मनक रिसोर्ट आदि विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट व कॉम्प्लेक्स में नव वर्ष का जश्न मनाया गया।
सेक्टर-13 के रश आवर्स में कृष्णा ग्लोबल सर्विसेज कंपनी के कर्मचारी नए साल के जश्न में संगीत की धुनों पर थिरकते नजर आए तो खास पलों को कैद करने के लिए एक-दूसरे के साथ तस्वीरें ली गई। इसी तरह अन्य स्थानों पर जाते हुए लम्हों को याद को कैद किया गया। लजीज व्यंजन और स्वादिष्ट खाने के साथ, पार्टी ने उत्सव के हर रंग को बखूबी जाहिर किया।
एक ओर जहां नए साल की शुभकामनाएं दी जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर यह आयोजन कर्मचारियों के बीच एकजुटता और सामूहिक खुशी का अदभुत उदाहरण बना। शहर में 2025 शुरू होने की खुशी ने रात को एक शानदार और अविस्मरणीय अनुभव में बदल दिया। महिला क्लब में भी महिलाओं और कपल पार्टी में सेलिब्रेट करने के लिए कपल गेम्स और वेज और नॉन वेज खाने का इंतजाम किया गया।
वुमेन क्लब के इवेंट मैनेजर यश ने बताया कि यहां हर बार नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए कपल्स और बच्चों के लिए पार्टी का आयोजन बड़ी धूमधाम से होता है। रश आवर्स क्लब की मालिक व इवेंट मैनेजर प्रियंका मनचंदा ने बताया कि आज की पार्टी के लिए हमने खास इंतजाम किए हैं। खाने के अलावा, हमने विभिन्न प्रकार के डेजर्ट्स जैसे गाजर का हलवा, बर्फी, चॉकलेट मूस, और फ्रूट कस्टर्ड परोसे हैं। कृष्णा ग्लोबल सर्विसेज कंपनी के कर्मचारी विक्रांत शर्मा ने बताया, हम करीब 30 लोग यहां रश आवर्स क्लब में नए साल का जश्न मनाने आए हैं। इसमें कुछ शादीशुदा महिलाएं और पुरुष शामिल रहे।