करनाल। राष्ट्रीय पूर्व सैनिक संघ की ओर से बुधवार को थल सेना दिवस का अमृत महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संघ प्रमुख राजबीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कर्ण पार्क स्थित शहीद पार्क पहुंचकर भारत-चीन युद्ध, भारत-पाक युद्धों तथा अन्य सैनिक ऑपरेशनों में शहीद हुए युद्धवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रीय पूर्व सैनिक संघ से जुड़े सूबेदार बलराज सिंह, नायक चंद्रभान, नायक सतबीर सिंह नरवाल, पैटी ऑफिसर आरके सिंह, आ. कैप्टन महिपाल सिंह, नायब सूबेदार जयभगवान, नायब सूबेदार ऋषिपाल, हवलदार भगत सिंह बिष्ट, हवलदार जोगिंद्र पाल, जेडब्ल्यूओ रमेश नरवाल तथा आ फ्लाईट लेफ्टिनेंट धर्मवीर सिंह संधू आदि ने राजबीर सिंह के साथ कर्ण पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचे। यहां पर शहीदों के श्रद्धांजलि देने के साथ ही थल सेना दिवस की थल सेना के जवानों, अधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं दीं।
पूर्व सैनिक संघ प्रमुख राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन हमारे वीर सैनिकों की बहादुरी, त्याग एवं बलिदान को सलाम करने का दिन है। जब देशभक्त सैनिक भीषण कड़ाके की ठंड में रात को देश की सीमाओं पर जागता है, तब देश सुख-चैन की नींद सोता है। हमारा देश आज भारत वर्ष की सशस्त्र सेनाओं के बहादुर सैनिकों और सैन्य अधिकारियों के हाथों में सुरक्षित है।
चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेनाओं के प्रति सद्भावना, पूर्व सैनिकों के लिए वन-रैंक-वन पेंशन लागू करने तथा देश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए शुरू की गई अग्निवीर सैनिक भर्ती योजना के लिए उनका आभार व्यक्त किया।